Post Views 01
June 12, 2026
जयपुर में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 15 जून को राज्य स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कॉकरोच जनता पार्टी की राजस्थान इकाई द्वारा राजधानी के गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर इस आंदोलन का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय संस्थापक अभिजीत दीपके विशेष रूप से दिल्ली से जयपुर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। पार्टी का मानना है कि वर्तमान समय में राजस्थान का युवा शिक्षा और रोजगार दोनों मोर्चों पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, इसलिए इस अभियान की शुरुआत जयपुर से की जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान रांका ने देश और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को डिग्रियां तो मिल रही हैं, लेकिन रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और कौशल आधारित शिक्षा की कमी युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही है। पार्टी का मानना है कि शिक्षा प्रणाली को रोजगारोन्मुखी और पारदर्शी बनाए बिना देश के विकास की परिकल्पना अधूरी रहेगी।
कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन के लिए चार प्रमुख मांगें तय की हैं। इनमें प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर स्थायी रोक लगाने के लिए मजबूत सुरक्षा तंत्र विकसित करना, स्कूलों और कॉलेजों में कौशल आधारित शिक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों को शामिल करना, शिक्षा क्षेत्र में बजट आवंटन बढ़ाकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करना तथा सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए समयबद्ध भर्ती कैलेंडर लागू करना शामिल है। पार्टी का कहना है कि इन मांगों के माध्यम से युवाओं को बेहतर अवसर और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकती है।
इधर, राजधानी के शहीद स्मारक पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट भी सतर्क हो गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की योजना भी तैयार की जा रही है। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved