Post Views 51
June 12, 2026
गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर मुस्लिम एकता मंच के बैनर तले दरगाह के निजाम गेट से निकाली गई रैली,
दिल्ली गेट पर एडीएम सिटी को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अजमेर में शुक्रवार को मुस्लिम एकता मंच के बैनर तले, गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह के निजाम गेट से एक रैली निकाली गई। यह रैली दरगाह के बाहर से शुरू होकर धानमंडी से दिल्ली गेट पहुंची, जहां जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। रैली में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने गौ-तस्करी और गौ-हत्या पर सख्त प्रतिबंध लगाने तथा गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की पुरजोर मांग बुलंद की ।
मुस्लिम एकता मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि देश के करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की गाय के प्रति गहरी आस्था है। मुस्लिम समाज उस आस्था का सम्मान करता है। इसलिए सरकार से विशेष कानून बनाकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की जा रही है। उनका कहना था कि इससे सामाजिक सौहार्द मजबूत होगा और गौ संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से गौ-हत्या और बीफ निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी रखी। गाय के नाम पर राजनीति करने के बजाय इसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने जैसे ठोस निर्णय लिए जाने चाहिए।
रैली में जयपुर से पहुंचे संत गणेश महाराज ने मुस्लिम समाज की इस पहल को देश की एकता और भाईचारे का संदेश बताया। उन्होंने कहा कि दरगाह से हमेशा अमन और मोहब्बत का पैगाम जाता रहा है, ऐसे में गौ संरक्षण के लिए यहां से आवाज उठना सकारात्मक पहल है।
रैली में कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़, डॉ श्रीगोपाल बाहेती,शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, रामचंद्र चौधरी, कैलाश झालीवाल, सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved