Post Views 01
June 12, 2026
पीसांगन थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख रुपये के चोरी के आभूषण बरामद
अजमेर। पीसांगन थाना पुलिस ने चोरी और नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी सेठाराम उर्फ सेटू को गिरफ्तार किया है। आरोपी से करीब 15 लाख रुपये कीमत के चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त लोहे का कटर भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार नागेलाव निवासी राजू गुर्जर ने 9 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मां मनभर देवी को रुपये की जरूरत होने पर घर की अलमारी खोलने पर सोने की ठुसी, चांदी की कणकती, पायजेब तथा 2.21 लाख रुपये नकद गायब मिले। बदमाशों ने लोहे की अलमारी को काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की निगरानी शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की पहचान सेठाराम उर्फ सेटू के रूप में हुई। आरोपी की निशानदेही पर पूरा चोरी का माल बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved