Post Views 01
June 2, 2026
हाई सिक्योरिटी जेल के दो हार्डकोर अपराधियों की तबीयत बिगड़ी, जेएलएन अस्पताल में कराया उपचार
अजमेर। प्रदेश की एकमात्र हाई सिक्योरिटी जेल में बंद दो हार्डकोर अपराधियों की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू हॉस्पिटल लाया गया। दोनों कैदियों की पहचान जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू और उम्मेद के रूप में हुई है, जो विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में सजा काट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मौसम में बदलाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते दोनों कैदियों की तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने तत्काल चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान हार्डकोर अपराधी उम्मेद का एक्स-रे भी कराया गया।
बताया जा रहा है कि जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट तथा आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह चर्चित रामकेश मीणा हत्याकांड में भी शामिल रहा है। वहीं उम्मेद भी कुख्यात और हार्डकोर श्रेणी का अपराधी माना जाता है।
दोनों कैदियों को अस्पताल लाने के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कोतवाली थाना एवं सिविल लाइन थाना पुलिस के जवानों के साथ हथियारबंद पुलिस बल तैनात रहा। भारी पुलिस बंदोबस्त के चलते जेएलएन अस्पताल परिसर छावनी में तब्दील नजर आया। उपचार के बाद दोनों अपराधियों को वापस हाई सिक्योरिटी जेल भेज दिया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved