Post Views 01
June 2, 2026
मोहर्रम 2026, 1448 हिजरी, के सालाना इंतजामात को लेकर मंगलवार को अजमेर जिला कलेक्टर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला प्रशासन की अध्यक्षता में हुई, जिसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेंद्र मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, दरगाह कमेटी, अंजुमन, पंचायतों, व्यापारिक संगठनों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में मोहर्रम के दौरान दरगाह क्षेत्र में आने वाले जायरीन की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, पानी, बिजली, यातायात, सफाई, सड़क मरम्मत और बारिश के मौसम को देखते हुए विशेष इंतजामों पर चर्चा की गई। प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मोहर्रम शुरू होने से पहले सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
दरगाह से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि 4 मोहर्रम को बाबा फरीद का चिल्ला खुलता है और 7 मोहर्रम की सुबह बंद होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में जायरीन जियारत के लिए अजमेर पहुंचते हैं। वहीं 16 तारीख को चांद और चौकियों की धुलाई की रस्म होगी। इसके बाद मरसिया खानी, बयान-ए-शहादत, ताजियों की सवारी और 9 व 10 मोहर्रम की प्रमुख रस्में अदा की जाएंगी।
बैठक में व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि मोहर्रम को अजमेर में मिनी उर्स के रूप में मनाया जाता है, ऐसे में लाखों जायरीन की आवक को देखते हुए सरकारी स्कूलों, रैन बसेरों और गेस्ट हाउसों में ठहरने की व्यवस्था की जाए। बारिश के मौसम को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों में गोताखोरों की व्यवस्था, दरगाह बाजार और तारागढ़ संपर्क सड़क की मरम्मत, नालियों की सफाई और क्षेत्र में दोनों समय पानी सप्लाई की मांग भी रखी गई।
प्रशासन ने पानी, ढीले तार, गड्ढों, आवारा पशुओं और सफाई से जुड़ी समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों को पाबंद किया। अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम की सभी रस्में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हों, इसके लिए प्रशासन पूरी तैयारी के साथ काम करेगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved