Post Views 01
June 1, 2026
विभागीय समन्वय बैठक आयोजित
जिला कलक्टर ने जनकल्याणकारी योजनाओं एवं बजट घोषणाओं में प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान एवं हरियालो राजस्थान अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
अजमेर, एक जून। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, बजट घोषणाओं तथा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को लक्ष्यानुरूप कार्यों में तेजी लाने एवं संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौसम परिवर्तन के कारण अंधड़, धूलभरी आंधी एवं वर्षा से विद्युत लाइनों तथा ट्रांसफार्मरों को होने वाले नुकसान की शिकायतों के प्रति संवेदनशील एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय टीमें फील्ड में सक्रिय रहकर क्षतिग्रस्त विद्युत तंत्र की त्वरित मरम्मत करें तथा आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। इसी प्रकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को भी पेयजल व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, सीपीग्राम एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग, अजमेर विकास प्राधिकरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र सत्यापन एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवादों की प्रकृति का विश्लेषण कर उनका समाधान किया जाए तथा प्रत्येक समस्या को समान दृष्टिकोण से नहीं देखा जाए। उन्होंने औसत निस्तारण समय में कमी लाने एवं संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत विभागवार आवंटित गतिविधियों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने तथा आयोजित कार्यक्रमों की प्रगति एवं विवरण निर्धारित पोर्टल पर समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को जल संरचनाओं की डिसिल्टिंग, साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने को कहा।
जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना में प्रगति बढ़ाने तथा पीएम-अभिम के अंतर्गत शेष कार्यों के लिए भूमि चिन्हित कर निर्माण कार्य प्रारम्भ कराने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, तारबंदी एवं फार्म पॉण्ड योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने को कहा।
उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को व्यक्तिगत घरेलू शौचालय एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्यों में प्रगति बढ़ाने, शिक्षा विभाग को मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के सभी निर्धारित संकेतकों में सुधार लाने तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को अमृत योजना एवं जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राजीविका के अंतर्गत लखपति दीदी, कृषि सखी एवं पशु सखी कार्यक्रमों की प्रगति बढ़ाने को भी निर्देशित किया।
हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण की पूर्व तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला वन अधिकारी श्री पी. बाला मुरुगन ने बताया कि लक्ष्य के अनुसार पौधों का वितरण किया जाएगा। इसके लिए गड्ढे खोदने सहित सभी पूर्व तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएंगी तथा पौधों की जियोटैगिंग भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 4 जून को रन फॉर एनवायरमेंट का आयोजन किया जाएगा तथा 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर समापन समारोह के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। नर्सरियों की साफ-सफाई, प्रत्येक रेंज में पौधारोपण कार्यक्रम तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला कलक्टर ने बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 से संबंधित घोषणाओं के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव समय पर राज्य सरकार को भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट घोषणाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत संचालित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को निर्देशित किया।
इस अवसर पर जिला वन अधिकारी श्री पी. बाला मुरुगन, प्रशिक्षु आईएएस श्री अरनव आनंद गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल एवं श्री नरेंद्र कुमार मीणा, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक श्रीमती विनीता स्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved