Post Views 01
June 1, 2026
कोतवाली थाने से 100 मीटर दूर ज्वैलर्स की दुकान से दो सोने की चेन चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
अजमेर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से दिनदहाड़े दो सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात कोतवाली थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित दुकान में हुई, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित दुकान संचालक विकास लालवानी ने कोतवाली थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो महिलाएं और एक युवक ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर पहुंचे। तीनों ने सोने की चेन खरीदने की इच्छा जताई और अलग-अलग तरह की चेन दिखाने को कहा। इसी दौरान आरोपियों ने दुकान संचालक को बातचीत और सामान दिखाने में उलझाए रखा। मौका पाकर उन्होंने काउंटर से दो सोने की चेन चुरा लीं और वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब विकास लालवानी ने स्टॉक का मिलान किया तो दो चेन गायब मिलीं। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी का खुलासा हुआ। फुटेज में दो महिलाएं और एक युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए हैं। पीड़ित ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved