Post Views 01
May 29, 2026
अजमेर में एनआईए की दस्तक, पाकिस्तानी आतंकी-गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित कनेक्शन के संदेह में परमेश मीणा हिरासत में
राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए की टीम ने शुक्रवार को अजमेर में दस्तक देते हुए बड़ी कार्रवाई की। टीम ने वरुण सागर रोड स्थित अंबिका नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे परमेश मीणा को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परमेश मीणा मूल रूप से भीलवाड़ा का निवासी बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार एनआईए को इनपुट मिला था कि परमेश मीणा के तार पाकिस्तानी आतंकी-गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर एनआईए की टीम अजमेर पहुंची और अंबिका नगर स्थित किराए के मकान में रह रहे मीणा से पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि टीम ने पूरी रात बंद कमरे में उससे पूछताछ की और बाद में उसे अपने साथ ले गई। मीडिया रिपोर्ट्स में भी एनआईए द्वारा परमेश मीणा को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद दिल्ली ले जाने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां ऑनलाइन गेमिंग एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि परमेश मीणा को ऑनलाइन गेम खेलने का शौक था। मौजूदा दौर में सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या पाकिस्तानी आतंकी-गैंगस्टर शहजाद भट्टी ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया जैसे माध्यमों से युवाओं को पैसे देकर अपने नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश कर रहा था।
इस कार्रवाई के बाद अजमेर में सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। परमेश मीणा किराए के मकान में रह रहा था, ऐसे में अब यह सवाल भी उठ रहा है कि किराएदारी से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया था या नहीं। स्थानीय स्तर पर मकान मालिक, आसपास के लोगों और संभावित संपर्कों को लेकर भी जांच की जा सकती है।
फिलहाल मामले में एनआईए की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। एजेंसी परमेश मीणा से उसके संपर्कों, ऑनलाइन गतिविधियों, बैंकिंग लेन-देन और संभावित नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर सकती है। मामले का अग्रिम अनुसंधान जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved