Post Views 01
May 29, 2026
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
अजमेर, 29 मई। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने, मृत्यु दर को न्यूनतम करने तथा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कार्ययोजना की तैयारी, क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गड्ढों की मरम्मत एवं खुले जल निकासों की बैरिकेट्स के सम्बन्ध में सरकार से प्राप्त निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए सड़कों के पास खुले मेनहॉल, नालियों तथा जल निकासों सहित असुरक्षित स्थानों को रात्रि दृश्यता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त रोशनी, रिफ्लेक्टर टेप के साथ-साथ संकेतक लगाकर बैरिकेटिंग करे। पैदल यात्री सुरक्षा के लिए सड़क परिसम्पितियों का रखरखाव भारतीय रोड़ कांग्रेस के मानकों के अनुरूप हो।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट बस स्टेण्ड़ के लिए भूमि चिन्हित करें। इसके लिए सक्षम अधिकारी बैठक कर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु के निर्देशानुसार कार्यवाही करें। स्थानीय वाहन चालकों की नेत्र जाँच कर चश्में वितरण का कार्य ट्रक एवं बस ऑपरेटर यूनियन के साथ समन्वय करके करें। जयपुर रोड़ पर से अवैध कट हटाने की कार्यवाही की जाए। इन कटों को प्रारम्भ में अस्थायी तौर पर परीक्षण के रूप में बंद करके उपयोगिता जाँची जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा कार्ययोजना को इलेक्ट्रॉनिक दुर्घटना डाटाबेस के विश्लेषण के आधार पर तैयार किया जाए। इससे दुर्घटनाओं के कारणों, स्थानों एवं समय का वैज्ञानिक आकलन कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने सेफ सिस्टम अप्रोच के तहत प्रवर्तन, इंजीनियरिंग, शिक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़े समन्वित प्रयासों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का चरणबद्ध तरीके से निवारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसमें अल्पकालीन साइनज, मार्किंग, मध्यमकालीन लाइटिंग, बैरियर एवं दीर्घकालीन ज्यामितीय सुधार उपाय शामिल होंगे। प्रवर्तन गतिविधियों को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाना एवं गलत दिशा में वाहन संचालन जैसे फेटल फाइव उल्लंघनों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने को कहा। ब्लैक स्पॉट्स एवं स्कूल जोन में विशेष निगरानी रखते हुए नियमित चालान कार्यवाही एवं अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि जयपुर से अजमेर एन्ट्री पर फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता पर बैठक में चर्चा की गई। पाटन गांव हाईवे के दोनों ओर स्थित होने से गांव के लोगों का आवागमन रहने के कारण व हाईवे के मध्य बड़ा कट होने के कारण दुर्घटना होने की सम्भावना रहती है। पुष्कर थाना क्षेत्र में नागौर हाईवे पर तिलोरा के पास कडैल चौराहा होने के कारण एक्सीडेन्ट जोन तथा नौसर घाटी में विशेष तौर पर सड़क की चौड़ाईकरण तथा खाई की तरफ दीवार को मजबूत एवं बड़ा बनावाने तथा दीवार पर सफेद रेडियम पेन्ट करवाने पर विचार विमर्श किया गया।
इंजीनियरिंग सुधारों की समीक्षा के दौरान उन्होंने उच्च जोखिम वाले मार्गों पर रोड सेफ्टी ऑडिट कराने, विद्यालयों के आसपास सुरक्षित स्कूल जोन विकसित करने तथा प्रमुख जंक्शनों पर यातायात सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे जिले में दृश्यता सुधार, साइनेज, रोड मार्किंग एवं अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी रखने को कहा।
बैठक में शिक्षा एवं जनजागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर देते हुए स्कूलों, कॉलेजों एवं आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाने के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों में रोड़ सेफ्टी क्लब गठन, कॉलेजों में हेलमेट अनिवार्यता तथा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करने को निर्देशित किया।
इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता श्री अशोक कुमार तंवर, सहायक अभियंता सहित परिवहन, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अजमेर विकास प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved