Post Views 21
May 19, 2026
दरगाह बाजार इलाके में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, ₹5000 और आईफोन छीनकर बदमाश हुए फरार,
8 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस कर रही है छानबीन
अजमेर के दरगाह थाना अंतर्गत दरगाह बाजार क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। दरगाह बाजार ब स्थित एक बिरयानी दुकान पर आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने एक युवक को घेरकर मारपीट की, चाकू से हमला किया और आईफोन व नकदी छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सैयद शहजाद अली ने थाने पर दी रिपोर्ट में बताया कि वह मुस्लिम मोची मोहल्ला में रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसने आरोप लगाया कि बीर गांव निवासी सैयद दिलनवाज अली सहित अन्य युवक कई दिनों से उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। घटना 16 मई दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। शहजाद अपने दोस्तों के साथ मोनू भाई की बिरयानी दुकान पर नाश्ता कर रहा था, तभी आरोपी वहां पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि दिलनवाज ने चाकू से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई, जबकि अन्य आरोपियों ने पंच से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उसके 5 हजार रुपए और आईफोन 16 प्रो मैक्स भी छीन ले गए। दरगाह थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved