Post Views 21
May 19, 2026
खाटू श्याम मंदिर कमेटी के नाम रजिस्टर्ड फॉर्च्यूनर ने मचाया कहर, ओवर स्पीड में पुष्कर घाटी में कार ने तीन बाइक को मारी टक्कर, चार युवक घायल,एक की मौत, कार से मिली शराब ओर बीयर की बोतलें,
अजमेर-पुष्कर घाटी मार्ग पर सोमवार रात आस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया। खाटू श्याम मंदिर कमेटी सीकर के नाम से रजिस्टर्ड फॉर्च्यूनर कार ने तेज रफ्तार में तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग पहाड़ी की तरफ भाग निकले। पुलिस ने जब फॉर्च्यूनर की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में शराब ओर बीयर की बोतलें मिली थी। जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे पुष्कर से अजमेर की ओर आते समय घाटी क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फॉर्च्यूनर कार बेहद तेज गति में थी और उसने एक के बाद एक तीन बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे के बाद अनियंत्रित फॉर्च्यूनर खाई में गिरते-गिरते बची। हादसे में नगरा निवासी जितेंद्र और उनका साला रवि कुमार घायल हुए हैं। वहीं शास्त्री नगर निवासी रोहित (22) और उनके चाचा मधुसूदन वैष्णव (29) भी हादसे की चपेट में आए। सभी घायलों को तत्काल जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रवि नामक एक युवक ने दम तोड़ दिया। रवि परिवार का इकलौता कमाने वाला
था वह पेंटर का काम करता था उसकी चार बहनें हैं।
मामले की सूचना पर अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ सहित पुलिस का भारी जाब्ता रात को मौके पर पहुंचा। पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार RJ 23 UB 7031 को जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया कि फॉर्च्यूनर खाटू श्याम मंदिर कमेटी के नाम पर रजिस्टर्ड है । रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जब गाड़ी की जांच की गई तो पता चला कि इस फॉर्च्यूनर के 9 ओवर स्पीड के चालान पहले से ही लंबित चल रहे हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि धार्मिक संस्था खाटू श्याम मंदिर के नाम रजिस्टर्ड लग्जरी कार से भारी मात्रा में शराब ओर बीयर की बोतलें भी मिली।
घटना के बाद शहर में चर्चा है कि आखिर आस्था और धर्म की आड़ में यह कैसा ढोंग चल रहा था।
एडिशनल एसपी ग्रामीण डॉ लालचंद कायल ने बताया कि “पुष्कर घाटी पर कार द्वारा दो से तीन बाइक को टक्कर मार दी, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में कार तेज रफ्तार में होना सामने आया है। सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है। मामले में अनुसंधान जारी है।” पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कार में शराब कहां से लाई जा रही थी और हादसे के समय चालक शराब के नशे में था या नहीं। घटना के बाद धार्मिक संस्थाओं की साख पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved