Post Views 21
May 19, 2026
अजमेर में पकड़े गए नेपाली चरस तस्करों से पीसी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में कई बड़े खुलासे हुए हैं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि नेपाल से लाई गई चरस की खेप का एक हिस्सा दिल्ली के कोटला मुबारकपुर इलाके में नेपाल मूल की एक महिला को सौंपा गया था। हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को दिल्ली ले जाकर घटनास्थल की तस्दीक भी करवाई है। थानाप्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा के अनुसार गिरफ्तार आरोपी खेमकुमार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी अजय राणा को चार दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिल्ली में उन्होंने एक “आंटी” को मादक पदार्थ का पैकेट दिया था, लेकिन महिला का नाम और पूरी जानकारी नहीं बता सके। पुलिस अब दिल्ली से जुड़े पूरे ड्रग नेटवर्क की जांच में जुटी है और महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि 12 मई को एटीएस की सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेपाल निवासी खेमकुमार और अजय राणा को 2 किलो 65 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई थी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved