Post Views 11
May 19, 2026
होकरा में भड़का जमीन विवाद: एडीए टीम पर पथराव, जेसीबी-वाहन क्षतिग्रस्त, अब गिरफ्तारी की तैयारी
पुष्कर के निकटवर्ती होकरा गांव में पुश्तैनी जमीन और मकानों को लेकर सुलग रहा विवाद अब उग्र रूप ले चुका है। कई दिनों से जारी नाराजगी मंगलवार को उस वक्त हिंसक हो गई, जब अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए गांव पहुंची। कार्रवाई के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और देखते ही देखते ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने एडीए टीम पर पथराव कर दिया, जिससे सरकारी वाहन और मशीनें क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। पुलिस ने हालात नियंत्रित किए और क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर पुष्कर थाने पहुंचाया। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि होकरा गांव में एडीए द्वारा पिछले तीन दिनों से अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। मंगलवार को चौथे दिन भी टीम नियमित कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान करीब 15 से 20 लोगों ने एडीए टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में दो जेसीबी और दो अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि एक कर्मचारी को मामूली चोटें आई हैं। एसपी ने बताया कि एडीए की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि पिछले कई दिनों से बन रही थी। एक दिन पहले ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर आरोप लगाया था कि वर्षों से जिस भूमि पर वे खेती कर रहे हैं और जहां उनके पुश्तैनी मकान, बाड़े और कुएं बने हुए हैं, उसे बिना भौतिक सत्यापन के एडीए के नाम दर्ज कर दिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि कई परिवार करीब 50 वर्षों से इस भूमि पर रह रहे हैं और अब उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने पहले ही आंदोलन और भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी, लेकिन अब मामला विरोध से आगे बढ़कर टकराव तक पहुंच गया है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या प्रशासन और ग्रामीणों के बीच यह विवाद बातचीत से सुलझेगा या आने वाले दिनों में और गंभीर रूप ले सकता है? फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved