Post Views 01
May 13, 2026
उत्तर-पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून तक 'विश्व पर्यावरण दिवस' अभियान
रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में 15 मई से 5 जून 2026 तक 'विश्व पर्यावरण दिवस' अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के महत्व और 'मदर अर्थ' (धरती माता) के समक्ष चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के निर्देशन में तैयार की गई कार्ययोजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ का आयोजन किया जायेगा | अभियान की शुरुआत 15 मई को अजमेर मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों और डिपो पर जागरूकता रैलियों के साथ होगी। इसमें स्थानीय स्टेशन प्रबंधकों और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। स्टेशनों पर पोस्टरों, पैम्फलेट्स और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। यात्रियों को प्लास्टिक के स्थान पर स्टील या पुनर्चक्रण योग्य लंच बॉक्स और बोतलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रेलवे कर्मचारियों के लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, रीसाइक्लिंग (पुनर्चक्रण) प्रथाओं और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन पर तकनीकी जानकारी साझा की जाएगी।
स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन अभियान के तहत प्लेटफार्मों पर कचरा पृथक्करण के लिए अलग-अलग डस्टबिन सुनिश्चित किए जाएंगे। यात्रियों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डालने तथा डस्टबिन का अनिवार्य उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। सामुदायिक स्वच्छता अभियान में रेलवे स्टेशनों और उनके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस कार्य में स्थानीय समुदायों और गैर-सरकारी संगठनों) को भी जोड़ा जाएगा ताकि स्वच्छता को एक जन-आंदोलन बनाया जा सके। आईआरसीटीसी के सहयोग से ईको-फ्रेंडली कटलरी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ट्रेनों और स्टेशनों पर नॉन-प्लास्टिक और बायोडिग्रेडेबल (जैव-अपघटनीय) कटलरी के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे सिंगल-यूज़ प्लास्टिक को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। रेलवे स्टाफ के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें उन्हें कचरे के सही पृथक्करण, विशेषकर जैविक कचरे के प्रबंधन और प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के तरीकों के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा।
अभियान के अंतिम चरण में मंडल के सभी प्रमुख कार्यालयों और स्टेशनों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 5 जून को 'विश्व पर्यावरण दिवस' के मुख्य अवसर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और स्टेशनों को सम्मानित किया जाएगा।
अजमेर मंडल इस अभियान के माध्यम से रेल यात्रियों और आम जनता को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और एक स्वच्छ व हरित भविष्य की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved