Post Views 01
May 13, 2026
जिला कलक्टर ने लिया पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत निर्माणाधीन बस डिपो का जायजा
तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा हो निर्माण- श्री लोक बन्धु
अजमेर, 13 मई। अजमेर शहर सहित जिले में विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप प्रदूषण रहित ट्रांसपोर्ट सिस्टम के नए अध्याय की शुरूआत हो चुकी है। राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप अजमेर शहर व जिले के लिए 100 नई ई-बसे शुरू की जाएगी। इसके लिए नौसर घाटी में पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत बन रहे बस डिपो तैयार किया जा रहा है। यह ई-बसे अजमेर शहर सहित विभिन्न रूटों पर यात्रियों को प्रदूषण रहित सस्ती आवागमन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बुधवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के अंतर्गत नौसर घाटी स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर निर्माणाधीन बस डिपो निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण प्रगति, गुणवत्ता और समय सीमा का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तीव्र गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
राज्य सरकार ने बजट घोषणा में अजमेर के लिए 100 ई-बसों की घोषणा की थी। डिपो के लिए स्वीकृत कार्यों में शामिल बहु मंज़िला प्रशासनिक ब्लॉक, स्टोर ब्लॉक, मेंटेनेंस ब्लॉक, वॉशिंग बे सहित जीएसएस, ओएचएसआर, ईटीपी, पार्किंग एवं 100 बसों के लिए चार्जिंग सुविधा के विकास की प्रगति की जानकारी ली। जीएसएस से जुड़े ट्रांसफॉर्मर, केबल और अन्य सामग्री की आपूर्ति एवं इंस्टालेशन की प्रक्रिया भी जारी है।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने निगम अभियंताओं को सिविल वर्क, इलेक्टि्रकल पैनल निर्माण तथा 33 केवी एवं 11 केवी प्रसारण लाइन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता पर समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी से पर्याप्त कार्मिक एवं संसाधन लगाने को कहा। इससे जून माह तक बस संचालन की सभी तैयारियाँ पूर्ण की जा सकेंगी। उन्होंने बसों के लिए आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं समय-सीमा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम की उपायुक्त श्रीमती अनिता चौधरी सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved