Post Views 41
May 4, 2026
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। उपलब्ध रुझानों के अनुसार भाजपा पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनाने की स्थिति में है। वहीं केरल में कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन बढ़त बनाए हुए है, जबकि तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके (TVK) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती नजर आ रही है। इन परिणामों को राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इससे पहले उन्होंने एक संदेश जारी कर पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को ऐतिहासिक बताया और इसे पार्टी कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष और समर्पण का परिणाम कहा। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत, चुनौतियों का सामना करने की क्षमता और विकास के एजेंडे को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास ही भाजपा की असली ताकत हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए कहा कि उनकी निरंतर मेहनत ने यह सफलता संभव बनाई है। उन्होंने पूर्व में दिए अपने बयान का उल्लेख करते हुए कहा था कि “गंगाजी बिहार से बहते हुए बंगाल जाती है,” और बिहार की जीत ने बंगाल में विजय का मार्ग प्रशस्त किया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इन चुनाव परिणामों का असर आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है, खासकर उन राज्यों में जहां क्षेत्रीय दलों और राष्ट्रीय दलों के बीच सीधा मुकाबला है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved