Post Views 11
April 27, 2026
अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र के मुहामी गांव में बाल विवाह का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मुहामी निवासी सुकदेव रावत नामक व्यक्ति ने दो नाबालिग लड़कियों की शादी करवाई। जानकारी के अनुसार, पीसागण थाना क्षेत्र के गोविन्दगढ़ से दो अलग-अलग बारातें मुहामी गांव पहुंचीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब तीन दिन पुराना है, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों को इस घटना की कोई पूर्व सूचना नहीं होने की बात सामने आ रही है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ सकता है और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकने के लिए सरकार लगातार अभियान चला रही है, इसके बावजूद ऐसे मामले सामने आना चिंता का विषय है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved