Post Views 51
April 25, 2026
जिला प्रशासन द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया गया सम्मान,विद्यार्थियों को करियर के संबंध में मिला मार्गदर्शन
अजमेर, 25 अप्रेल। जिले के राजकीय विद्यालयों के बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया गया। जिले के माध्यमिक, उच्च माध्यमिक के समस्त वर्गों, प्रवेशिका एवं वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु द्वारा चर्चा की।
जिला कलक्टर श्री लोक बंधु ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर एक उपलब्धि अर्जित की है। यह लक्ष्य नहीं होकर वहां तक पहुंचाने का मार्ग मात्र है। इसी प्रकार जीवन का लक्ष्य करियर में सफलता प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जीवन का लक्ष्य समाज और देश के लिए सकारात्मक योगदान देना होना चाहिए। इसके लिए दीर्घकालीक लक्ष्य बनाएं। इन बड़े लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए लघु अवधि के लक्ष्य बनाकर उसे प्राप्त करने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनें। इनके द्वारा समाज, गांव तथा समुदाय के लिए कार्य किया जाना चाहिए। राज्य तथा केंद्र सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से भी विद्यार्थियों को जुड़ना चाहिए। साथ ही अपने क्षेत्र के आसपास निवासरत आमजन को भी इन योजनाओं के प्रति जागरूक करने में अपना सहयोग प्रदान करना चाहिए। इसी प्रकार कालीबाई भील स्कूटी योजना, गार्गी पुरस्कार जैसी प्रेरणादाई योजनाओं को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग करें। विद्यार्थियों के कैरियर संबंधी मार्गदर्शन के लिए प्रशासन तथा अन्य अधिकारी हमेशा उपलब्ध है। इनके द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य तथा सह शैक्षिक गतिविधियों में भी पर्याप्त भाग लेना चाहिए। इससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का संतुलित विकास होगा। अध्ययन के साथ-साथ रुचि पर भी ध्यान देना चाहिए। युवाओं पर संगत तथा इंटरनेट का बहुत प्रभाव पड़ता है। इनका सकारात्मक उपयोग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राजकीय विद्यालयों में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इसका परिणाम है कि राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों को सफलता के साथ असफलता को भी हैंडल करना सीखना होगा। प्रतिस्पर्धी वातावरण में असफलता एक सामान्य बात है। यह जीवन का एक भाग है। असफलता हमारे लिए बेहतर करने का अवसर प्रदान करती है। वर्तमान पीढ़ी के द्वारा तय किए गए लक्ष्य नए विकसित भारत की नींव है।
सम्मान समारोह में विद्यार्थियों ने अपने संघर्ष, चुनौतियों, भविष्य की रणनीति तथा कार्य योजना, परिवार, शिक्षकों तथा अध्ययन में सहयोग देने वाले व्यक्तियों के बारे में अपने विचार साझा किए। समारोह में 22 विद्यार्थियों का सम्मान हुआ। इनमें 16 बालिकाएं तथा 6 बालक थे। अजमेर जिले के ब्लॉक सावर से 6, केकड़ी से पांच, अजमेर शहर क्षेत्र, किशनगढ़, पीसांगन तथा सरवाड़ से दो-दो एवं भिनाय, अजमेर ग्रामीण तथा श्रीनगर से एक-एक विद्यार्थी इसमें शामिल हुए। चर्चा के दौरान सिलोरा की अमृता सैनी एवं प्रीति कुमावत ने सिविल सेवा, राममालिया की कमलेश कुमारी ने अध्यापक, केकड़ी के आदर्श जैन ने चार्टर्ड अकाउंटेंट, चावण्डिया की कुमकुम मारोठिया ने चार्टर्ड अकाउंटेंट, नसीराबाद की तनीषा सिसोदिया ने चार्टर्ड अकाउंटेंट, सरवाड़ के सूरजमल माली ने शिक्षक, कड़ैल की अंबिका राठौड़ ने प्रशासनिक सेवा, पुष्कर की सुमन रावत ने आईआईटी, केकड़ी की मधुबाला धाकड़ ने कृषि विशेषज्ञ, पिपलाज के विकास कुमावत ने शिक्षक, केकड़ी की नारा सैन ने कृषि विशेषज्ञ, सावर की प्रीति सेन ने अध्यापक, राधिका लक्षयकार ने अध्यापक, केकड़ी की तनीषा जीनगर ने कॉलेज व्याख्याता, गुलाबबाड़ी की जाह्नवी आयकर अधिकारी, वैशाली नगर की राखी सिंगला ने भारतीय वायुसेना के रूप में अपना करियर बनाने की बात कही। शोकलिया की अक्षिता जैन संस्कृत व्याकरण शास्त्र व्याख्याता बनने की इच्छुक है। इसको अपनी बड़ी बहन लक्षिता से आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिल रही है। इसी प्रकार केकड़ी की परिधि लोधा को उसके मामा जी तथा पुष्कर की कुुमकुम मारोठिया को उसके काका आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सावर के अभिषेक कुमावत, किशन धोबी एवं किशन पांचाल ने भी अपनी बात रखी।
इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोविंद नारायण शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्रीमती दर्शना शर्मा, सहायक निदेशक श्रीमती राजश्री शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ममता धाकड़ एवं व्यवस्थापक विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू सहित अधिकारी, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved