Post Views 41
April 24, 2026
जल संचय जन भागीदारी 2.0 अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने लक्ष्यानुसार प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश
अजमेर, 24 अप्रैल। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान-2.0 के अंतर्गत जल संचय जन भागीदारी अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण एवं जल संचय कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर लक्ष्यानुसार प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान जनभागीदारी से जुड़ा जन आंदोलन है। जल आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति अर्जित करने तथा किए गए कार्यों की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, कृषि, उद्यानिकी, वन विभाग, नगर निगम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को जन सहयोग से अधिकाधिक जल संरक्षण कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा ट्रेंचों के मध्य निर्धारित दूरी बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए। कार्यों की उपयोगिता दीर्घकालीन बनी रहे।
उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा सोकपिट, हैंडपंप सुधार एवं जल संरक्षण से जुड़े अन्य कार्यों की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के क्षेत्र में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय संस्थाओं की सहभागिता से ही अभियान को व्यापक सफलता मिल सकती है। जिले की प्रगति को राज्य स्तर पर बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों को गंभीरता, समन्वय और नवाचार के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में सहायक वन संरक्षक विभा चौधरी, वाटरशेड विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री दिलीप जादवानी, अधिशासी अभियंता नरेगा श्री गोपाल गर्ग ,नोडल अधिकारी श्री शलभ टंडन , श्री ऐन अविनाश तायल, अधीक्षण अभियंता नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved