Post Views 11
April 24, 2026
अजमेर शरीफ़ सुल्तानुल हिन्द की दरगाह में महाना छठी शरीफ की इज़्तिमाई दुआ हुई। इस मौके पर मुल्क भर से कसीर तादाद में ज़ायरीन का हुजूम अजमेर शरीफ में देखा गया। खास बात ये रही कि इस इज़्तिमाई दुआ में दुनिया के हालातो के मद्देनजर मुल्क ईरान और अमेरिका तनाज़ा जल्द खत्म होने की दुआ भी की गई। हज़रत ख्वाजा गरीब नवाज़ रहमतुल्लाह अलैहि की दरगाह में छठी शरीफ की फातेहा में शिरक़त के लिए देर रात ही ज़ायरीन का हुजूम अजमेर पहुंच गया। जहां दरगाह के आहता नूर में नातो मनकबत की रूहानी महफ़िल सजाई गई। ख़ुद्दामें ख्वाजा की जानिब से ख़ुसूसी दुआ और चिश्तिया शजरा भी पढ़ा गया। इज़्तिमाई दुआ में मुल्क में खुशहाली और अमन आमान के साथ साथ ईरान- अमेरिका तनाज़ा से आम लोगो को निजात की दुआ भी मांगी गई। भारत समेत दीगर ममालिक में गैस,पेट्रोल, तेल की भारी किल्लत से महंगाई आसमान छू रही है। ऐसे में अजमेर दरगाह में आम इंसानियत के लिए खुसूसी इज़्तिमाई दुआ का अहतेमाम किया गया। महाना छठी शरीफ के मौके पर नियाज़ ओ नज़र के साथ साथ लंगर का भी अहतेमाम किया गया और ज़ायरीन में तबर्रुक तक़सीम किया गया। इस मौके पर मुल्क भर से अजमेर शरीफ पहुंचे ज़ायरीन ने हज़रत ख्वाजा गरीब नवाज की बारगाह में गुलाब के फूल पेश कर ज़िंदगी मे क़ामयाबी और खुशियो की दुआ भी मांगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved