Post Views 11
April 24, 2026
संत निरंकारी मिशन का सेवा संकल्प, रक्तदान में उमड़ा जनसैलाब
अजमेर में मानव सेवा और एकता का संदेश देते हुए मानव एकता दिवस के उपलक्ष में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का आयोजन संत निरंकारी मिशन के संस्थापक विचारों और बाबा हरदेव सिंह के आह्वान पर किया जा रहा है। मिशन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि वर्ष 1986 से लगातार मानव एकता दिवस पर रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि मानव सेवा है।
आयोजकों के अनुसार इस शिविर में 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 100 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह पहले ही किया जा चुका है और उम्मीद जताई जा रही है कि लक्ष्य को पार कर लिया जाएगा। इस रक्तदान शिविर में अजमेर शहर के साथ-साथ नसीराबाद, किशनगढ़ और विजयनगर क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में सेवादार और दानदाता पहुंचे। शिविर में रक्तदान से पहले आवश्यक स्वास्थ्य जांच, विशेष रूप से एचआईवी और अन्य जरूरी परीक्षण भी किए गए। मिशन के सेवादार सोनू निरंकारी ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद तक समय पर रक्त पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता होती है, मिशन का सेवा दल हमेशा तैयार रहता है। रक्तदान शिविर में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां युवाओं के साथ-साथ महिलाएं भी बढ़-चढ़कर भाग लेती नजर आईं। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved