Post Views 51
April 25, 2026
अजमेर के देहली गेट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय तनावपूर्ण माहौल हो गया जब एक मामूली सी बात ने हिंसक रूप ले लिया। वाहन का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को तुरंत जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। हालात को देखते हुए पुलिस लाइंस से अतिरिक्त जाब्ता भी मौके पर तैनात किया गया।
स्थानीय निवासी लक्ष्मी के अनुसार, कुम्हार मोहल्ला निवासी रमेश रात करीब 10 बजे वाहन से घर लौट रहे थे। भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने साइड लेने के लिए हॉर्न बजाया, जिससे आगे चल रही जायरीन महिला और उसकी पुत्री नाराज हो गईं। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और महिला के परिजनों ने रमेश व उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर दी।
वहीं गुजरात से आए जायरीन मोहम्मद उस्मान ने आरोप लगाया कि टोका-टोकी के बाद स्थानीय लोगों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए हमला किया।
मामले को लेकर महावीर सिंह राठौड़, थाना प्रभारी गंज ने बताया कि घटना की जांच जारी है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया ओर शांति कायम है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved