Post Views 131
April 25, 2026
अनिल वनवानी / उदयपुर | राजस्थान की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने संकेत दिए हैं कि परिसीमन के बाद प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या 200 से बढ़कर करीब 270 तक हो सकती है।
देवनानी ने कहा कि देश में वर्ष 2011 के बाद से अब तक जनगणना नहीं हुई है और लंबे समय से सीटों का परिसीमन भी लंबित है। ऐसे में जनसंख्या के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों का पुनर्गठन जरूरी हो गया है। परिसीमन लागू होने के बाद कई क्षेत्रों की सीमाएं बदलेंगी और सीटों की संख्या भी बढ़ सकती है, जिससे प्रदेश का राजनीतिक संतुलन प्रभावित होगा। इसी संभावित बदलाव को ध्यान में रखते हुए जयपुर स्थित विधानसभा भवन में अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। देवनानी के अनुसार, विधानसभा की चौथी मंजिल पर एक बड़ा हॉल बनाया जा रहा है, जिसमें लगभग 280 विधायकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके अलावा, दिल्ली की संसद की तर्ज पर एक ‘सेंट्रल हॉल’ बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है, जहां विशेष सत्र और महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
देवनानी कल उदयपुर के दौरे पर रहे। यहां पेसिफिक यूनिवर्सिटी में आयोजित एक इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में शिरकत करते हुए उन्होंने प्रदेश की राजनीति और व्यवस्थाओं को लेकर कई बड़ी बातें कहीं। उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया का खुलकर समर्थन किया और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने यह भी बताया कि 5 मई को जयपुर में एक बड़ा आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें सात राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष शामिल होंगे। इस सेमिनार में विधानसभा की विभिन्न समितियों के कामकाज को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की जाएगी। इसी दिन विधानसभा परिसर में नई विकसित हर्बल वाटिका और नक्षत्र वाटिका का लोकार्पण भी किया जाएगा। विधानसभा की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए देवनानी ने बताया कि यहां बने म्यूजियम को देखने के लिए अब तक 50 हजार से अधिक लोग आ चुके हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज की महिलाएं आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं और हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती हैं। ऐसे में उन्हें उनका अधिकार मिलना चाहिए और इस विषय पर किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए। कुल मिलाकर, आने वाले समय में परिसीमन के जरिए राजस्थान की राजनीति और विधानसभा संरचना में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved