Post Views 101
April 21, 2026
उदयपुर के गोवर्धन विलास क्षेत्र स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। कल करीब 12:30 बजे गेम्स पीरियड के दौरान तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र महर्थ राजसिंह की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बच्चा मैदान में लगे हैंडबॉल पोल पर लटक रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से पोल सीधे उसके सिर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल स्टाफ उसे तुरंत एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। महर्थ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की हालत देखकर पिता देवेंद्र पाल सिंह बेसुध हो गए और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। परिवार को यह दुखद खबर धीरे-धीरे दी गई। स्कूल के प्रिंसिपल विलियम डिसूजा के अनुसार, घटना के समय बच्चे खेल रहे थे और तीन बच्चे पोल पर लटक रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पोल सामान्यतः साइड में रखा जाता है और खेल के समय मैदान में लाया जाता है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। मॉर्च्युरी के बाहर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध हुआ और लापरवाही के आरोप लगाए गए। बाद में आपसी सहमति के बाद शाम को बच्चे का शव उसके पैतृक गांव बांसवाड़ा के उम्बाडा के लिए रवाना किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved