Post Views 61
April 10, 2026
उदयपुर | सलूंबर जिले के लसाड़िया और झल्लारा क्षेत्र में 8 बच्चों की रहस्यमयी मौतों के बाद प्रशासन ने अवैध रूप से चल रहे झोलाछाप क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी कर 4 अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान लसाड़िया उपखंड मुख्यालय पर चल रहे 3 और आंजणी इलाके के 1 क्लीनिक को बंद कराया गया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई झोलाछाप अपनी दुकानें छोड़कर फरार हो गए। यह संयुक्त अभियान लसाड़िया तहसीलदार, पुलिस, चिकित्सा विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने चलाया। जांच में सामने आया कि बिना किसी डिग्री और अनुमति के मरीजों का इलाज किया जा रहा था और गंभीर लापरवाही की जा रही थी। सीएमएचओ महेंद्र परमार ने कहा कि ये झोलाछाप मामूली बीमारी में भी मरीजों को हाई डोज दवाइयां और ग्लूकोज चढ़ा देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध क्लीनिक को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved