Post Views 31
April 8, 2026
अजमेर के मुकेश खटवानी ने 8 अप्रैल को अजमेर के सूरजकुंड मंदिर से दंडवत करते हुए गौ रक्षा जागरूक यात्रा का किया शुभारंभ,
अजमेर से खाटू श्याम मंदिर तक करेंगे दंडवत यात्रा खाटू श्याम मंदिर से सांवरिया सेठ तक जाएंगे पैदल और फिर सांवरिया सेठ मंदिर से उज्जैन बाबा महाकाल के मंदिर तक करेंगे दंडवत यात्रा
अजमेर के अजय नगर निवासी मुकेश खटवानी ने 8 अप्रैल बुधवार सुबह अजमेर के सूरजकुंड मंदिर से गो माता की रक्षा ओर सुरक्षा के उद्देश्य को लेकर दंडवत प्रणाम करते हुए जागरूकता यात्रा पर रवाना हुए। मदार गेट सुरजकुंड मंदिर से खाटू श्याम बाबा सहित समस्त देवी देवताओं का आशीर्वाद लेकर दंडवत यात्रा शुरू की तो बजरंग दल सहित सनातनी धर्म प्रेमियों द्वारा उनका माल्यार्पण का स्वागत किया गया। तत्पश्चात बजरंग दल अजमेर महानगर संयोजक चेतन सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें अजमेर के बॉर्डर तक विदाई दी।
मुकेश खटवानी ने बताया कि पूर्ण रूप से दंडवत प्रणाम करते हुए खाटू श्याम मंदिर जाएंगे फिर वहां से पैदल यात्रा सांवरिया सेठ मंदिर तक ओर सांवरिया सेठ मंदिर से दंडवत उज्जैन महाकाल पर संपन्न होगी।
मुकेश लगभग 4 महीने में श्री खाटू धाम मंदिर,श्री सांवरिया सेठ मंदिर ओर उज्जैन श्री महाकाल मंदिर की दंडवत प्रणाम करते हुए दर्शन करेंगे।
मुकेश का कहना है कि यह यात्रा केवल एक व्यक्तिगत साधना नहीं, बल्कि एक सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश है। यह यात्रा गौ माता और नंदी महाराज को समर्पित है।
उन पवित्र जीवों को, जिन्हें हम अपनी संस्कृति में पूजते हैं, लेकिन आज वही सड़कों पर भूखे-प्यासे, प्लास्टिक और कचरा खाने को मजबूर हैं।
हम सब जानते हैं कि एक ओर हम गाय को "माता" का दर्जा देते हैं, गौ रक्षा के नाम पर संगठन बनते हैं, लेकिन दूसरी ओर जब वही गाय दूध देना बंद कर देती है, तो उसे बेसहारा सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। कई बार वे दुर्घटनाओं का शिकार होती हैं या अवैध रूप से कत्लखानों तक पहुंचा दी जाती हैं। यह विरोधाभास हमारी संवेदनहीनता को दर्शाता है।
इस यात्रा का उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना है—ताकि हम सब मिलकर एक ऐसा वातावरण बना सकें, जहां गौ माता सुरक्षित, सम्मानित और संरक्षित रहे।आइए, हम सब मिलकर गौ माता की रक्षा का संकल्प लें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved