Post Views 51
April 7, 2026
मुख्यमंत्री भजनलाल के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन हाई अलर्ट पर
मुख्यमंत्री भजनलाल पुष्कर में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर लोकबंधु और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ शतगायत्री पुरुषचरण महायज्ञ स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान जिला कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। इसके बाद उपखंड कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से भी चर्चा कर कार्यक्रम की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की संभावित संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। समिति की ओर से बताया गया कि महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण और बैठक के दौरान एडिशनल एसपी दीपक कुमार शर्मा, सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी, उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, तहसीलदार इंद्रजीत सिंह, नगर परिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा, सीआई विक्रम सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved