Post Views 21
April 7, 2026
हज 2026: सऊदी अरब में स्मार्ट वॉच से ट्रेस होंगे हाजी,पहले पासपोर्ट जमा करने का झंझट भी खत्म,अजमेर से 198 आजमीने हज जाएंगे,पहली फ्लाइट 20 अप्रैल से शुरू होगी...
सफरे हज 2026 में सऊदी अरब जाने वाले अजमीने हज को इस बार स्मार्ट वॉच दी जाएगी। यह स्मार्ट वॉच सऊदी अरब में हज के दौरान भीड़ में हाजी साहेबान की लोकेशन ट्रेस करने में मददगार साबित होगी। इसी तरह हाजियों को पहले पासपोर्ट जमा कराने की झंझट से भी निजात मिल गई है। खादीमुल हुज्जाज डॉक्टर हाजी रमज़ान खान ने बताया कि अजमेर समेत राजस्थान भर से सफरे हज पर जाने वालों को यह स्मार्ट वॉच दी जाएगी। इसका कीमत हज कमेटी ने पहले ही जमा कर ली है। मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा में भीड़ के दौरान हाजी कहां पर है, इसकी लोकेशन ट्रेस की जा सकेगी। डॉक्टर रमज़ान ने बताया कि कई मर्तबा भीड़ में हाजी एक-दूसरे से जुदा हो जाते हैं इसकी वजह अरबी ज़ुबान नहीं आना है। ऐसे में कौन हाजी कहां पर है, उसकी लोकेशन का पता इस स्मार्ट वॉच से लग सकेगा। अजमेर से 198 हाजी सफर पर जाएंगे इस बार अजमेर से 198 अजमीने हज मुकद्दस सफर के लिए जा रहे हैं। इन सभी की फ्लाइट जयपुर से ही है। फ्लाइट 20 अप्रैल से शुरू हो रही है। किस हाजी की फ्लाइट कब है, इसकी जानकारी हज यात्री को पर्सनली भेजी जा रही है। वही आमतौर पर हज यात्री का पासपोर्ट पहले जमा किया जाता था। इसके लिए सूबे के मुख़्तलिफ़ जिलों से हज यात्रियों के रिश्तेदारों को पहले जयपुर पहुंच कर पासपोर्ट जमा करना होता था लेकिन अब इसकी ज़रूरत नहीं है अब सीधे एयरपोर्ट पर ही चैकिंग होगी। हर एक अजमीने हज को आखिरी किस्त की शक्ल में 92 हजार 30 रुपए जमा कराने हैं। इसमें ही कुरबानी की रक़म भी ली जा रही है। जो लोग अपने तौर पर कुरबानी करेंगे, उनसे कम रक़म ली जाएगी। यह रक़म 6 अप्रैल तक जमा करानी है जिसकी इत्तला हर एक अजमीने हज को कवर नंबर डालने पर पता लग जाएगी की उसे कितनी रक़म जमा करवानी है। इस आखिरी किस्त की रसीद भी हज कमेटी में जमा करनी होगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved