Post Views 31
April 8, 2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे पुष्कर, शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ में हुए शामिल, सपरिवार की पुष्कर सरोवर की पूजा-अर्चना
प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को सपरिवार धार्मिक यात्रा के तहत तीर्थराज पुष्कर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। नए मेला मैदान स्थित हेलीपैड पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत सहित भाजपा पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री इसके बाद 200 कुंडीय शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक रीति से परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने स्वामी प्रखर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित महायज्ञ को सनातन संस्कृति को मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ते हैं और समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुष्कर केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि पूरे विश्व को संदेश देने वाली पवित्र भूमि है। यहां से दिया गया आध्यात्मिक संदेश देश और दुनिया में फैलता है। उन्होंने आयोजन की भव्यता और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे पुण्यदायी कार्य बताया।
महायज्ञ में देशभर से आए हजारों श्रद्धालु और 2000 से अधिक आचार्य 24 करोड़ गायत्री मंत्र जाप के संकल्प के साथ भाग ले रहे हैं। 8 मार्च से शुरू हुआ यह आयोजन 19 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें वैदिक परंपरा के अनुसार 200 हवन कुंडों में नियमित आहुतियां दी जा रही हैं। पूरा क्षेत्र मंत्रोच्चारण और यज्ञीय धुएं से आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है।
यज्ञ स्थल से मुख्यमंत्री सरोवर के ब्रह्म घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पत्नी और बेटे के साथ पुष्कर सरोवर की विधिवत पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंडितों ने पूजा संपन्न करवाई। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से जयपुर के लिए रवाना हो गए।
इस दौरान मंच पर विप्र फाउंडेशन और प्रखर परोपकार मिशन ट्रस्ट से जुड़े कई प्रमुख पदाधिकारी और देशभर से आए संत-महात्मा उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर पूरे पुष्कर में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved