Post Views 51
April 9, 2026
राजस्थान में जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने फरार चल रहे पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की टीम उन्हें जल्द ही जयपुर लेकर आएगी, जहां उनसे मामले में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, एसीबी कोर्ट ने इस मामले में चार फरार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे, जिसके बाद से एजेंसी लगातार सुबोध अग्रवाल की तलाश में जुटी हुई थी। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी बीच एसीबी को सूचना मिली कि वे दिल्ली में मौजूद हैं, जिसके आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले 17 फरवरी को एसीबी ने जेजेएम से जुड़े कथित घोटाले में बड़े स्तर पर छापेमारी की थी। जयपुर, बाड़मेर, जालोर, सीकर के साथ-साथ बिहार, झारखंड और दिल्ली सहित कुल 15 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान फर्जी बिलिंग, वित्तीय अनियमितताएं और टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी के साक्ष्य सामने आए थे।
उसी दिन सुबोध अग्रवाल के आवास पर भी छापा मारा गया था और जलदाय विभाग के 9 अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 18 फरवरी को उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया था।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। एजेंसी का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved