Post Views 01
March 21, 2026
अलवर गेट थाना अंतर्गत पिछले दिनों बालाजी मंदिर में चोरी करने वाली दो आरोपी आए पुलिस गिरफ्त में, नशे की लत को पूरा करने के लिए करते हैं चोरियां, पुलिस कर रही है पूछताछ
अजमेर के अलवर गेट थाना अंतर्गत बालाजी मंदिर से दो चांदी के छत्र चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली है। चोरों से 1 लाख रुपए कीमत के चोरी किए गए चांदी के छत्र भी बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों से वारदात के काम में ली गई स्कूटी भी जप्त कर ली गई है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। अलवर गेट थाना प्रभारी नरेंद्र झाखड़ ने बताया कि थाना क्षेत्र के बालाजी मंदिर में 15 मार्च को चोरी की वारदात हुई थी। 17 मार्च को पीड़ित गिरधारी लाल सांखला द्वारा चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया गया। जिसमें मंदिर से चांदी के छत्र चोरी होने की जानकारी दी गई। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए। फुटेज के आधार पर चोरों को चिन्हित कर रामगंज निवासी हेमंत और शेखर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से चोरी किए गए चांदी के छत्र बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही वारदात में उपयोग में ली गई स्कूटी जप्त की है। दोनों आरोपियों ने पहली बार चोरी की वारदात की है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved