Post Views 51
March 20, 2026
जिला कलक्टर ने घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति के संबंध में ली समीक्षा बैठक
गैस कंपनी के अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी के दिए निर्देश
अजमेर, 20 मार्च। जिला कलक्टर श्री लोकबंधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं पीएनजी आपूर्ति प्रणाली की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक में एचपीसीएल , बीपीसीएल एवं आईजीएल गैस कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपूर्ति श्रृंखला की वर्तमान स्थिति, उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्धता पर गहन चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में घरेलू गैस आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक उपभोक्ता तक समयबद्ध एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने गैस कंपनियों के सेल्स अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत या बाधा की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को पीएनजी के अधिकाधिक विस्तार करने के निर्देश दिए । साथ ही आमजन में इसके लाभों के प्रति व्यापक जागरूकता लाने को कहा। इससे अधिक से अधिक उपभोक्ता इस सुविधा से जुड़ सकेंगे।
आईजीएल के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में अजमेर, केकड़ी एवं किशनगढ़ शहर में वर्तमान में लगभग 10 हजार उपभोक्ताओं को पीएनजी पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति की जा रही है तथा लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं के लिए नेटवर्क संरचना तैयार की जा चुकी है। शेष प्रक्रियाएं पूर्ण होते ही नए कनेक्शन जारी किए जाएंगे।
बैठक में जिला कलक्टर ने रसद विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के वाणिज्यिक उपयोग, अवैध रीफिलिंग तथा कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर जिला रसद अधिकारी प्रथम श्रीमती मोनिका जाखड़, जिला रसद अधिकारी द्वितीय श्री नीरज जैन सहित गैस कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved