Post Views 01
March 13, 2026
जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किए गैस एजेन्सियों के औचक निरीक्षण,जिलेभर में एक साथ निरीक्षण किए अधिकारियों ने, आमजन को गैस मिलना किया सुनिश्चित
अजमेर, 13 मार्च। जिलेभर की गैस एजेन्सियों का शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु के निर्देशानुसार निरीक्षण किया गया। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा के द्वारा अजमेर शहर की गैस एजेन्सियों के निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इनके साथ जिला रसद अधिकारी श्रीमती मोनिका जाखड़ भी थी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा ने वैशाली नगर एवं कोटड़ा क्षेत्र की गैस एजेन्सियों के औचक निरीक्षण किए। वहां उपस्थित उपभोक्ताओं के साथ वार्तालाप किया। एसकेएम एप्लाईन्सेज एचपी, वर्धमान इण्डेन तथा अजेय भारत गैस के निरीक्षण के दौरान स्टॉक की जांच की गई। गैस एजेन्सी के संचालकों को समय पर सिलेण्डर की होम डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए। गैस सिलेण्डर बुक करवाने से पूर्व समस्त उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी आवश्यक रूप से करवाने के लिए पाबन्द किया गया।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेण्डर बुक कराने में किसी उपभोक्ता को समस्या आने पर अन्य वैकल्पिक तरीके उपयोग में लिए जाएं। गैस एजेन्सी संचालक उपभोक्ताओं का पूर्ण सहयोग करेंगे। गैस सिलेण्डर की डिलीवरी शत प्रतिशत ओटीपी के माध्यम से होनी चाहिए। अतिआवश्यक स्थिति में मौके पर भी सिलेण्डर उपलब्ध रहे। अनायास सिलेण्डर लेने वाले उपभोक्ताओं पर विशेष निगाह रखने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जिलेभर की समस्त गैस एजेन्सियों का निरीक्षण किया गया। उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों ने अपने क्षेत्र की गैस एजेन्सियों का निरीक्षण कर उपलब्ध स्टॉक तथा सामान्य वितरण के बारे में जानकारी ली। व्यावसायिक सिलेण्डरों के संबंध में भी सरकार के निर्देशों की पालना सुनिश्चित की गई। जिले में गैस सिलेण्डर की अवैध जमाखोरी, कालाबाजारी एवं रिफीलिंग को रोकने के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है। गैस की उपलब्धता के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत एवं अवैध गतिविधियों की सूचना के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 01452628932 पर सम्पर्क किया जा सकता है। नियंत्रण कक्ष पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए अधिकारियों को पाबन्द किया गया है।
जिला कलक्टर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों के आधार पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विपणन कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने उपभोक्ताओं तक प्रमाणित सूचना एवं जागरूकता संदेश प्रसारित करें, ताकि आमजन तक सही जानकारी पहुंचे और अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। वर्तमान में गैस एजेंसियों पर बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को पैनिक होने की आवश्यता नहीं है। बार-बार बुकिंग करवाने से सिस्टम हैंग हो जाता है। इसीलिए लेट ऑवर्स में बुकिंग कराएं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved