Post Views 01
March 13, 2026
एलपीजी गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता और बढ़ाई गए दामों को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन,
एआईसीसी और पीसीसी के निर्देश पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर चूल्हे पर बनाई सब्जी रोटी, मोदी सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
अजमेर में एलपीजी गैस सिलेंडर के ऑनलाइन बुकिंग नम्बर का सर्वर ठप्प होने की वजह से घरेलू गैस उपभोक्ता खासे परेशान है।दूसरी ओर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता से चाय की थडियों, होटल्स, रेस्तरां और मिठाई के कारोबारी भी भविष्य की आशंकाओं से असमंजस में नजर आ रहे हैं।वहीं गैस के बढ़ाए गए दामों और एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता में आ रही दिक्कतों परेशानियों को लेकर शुक्रवार को अजमेर शहर जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और ग्रामीण अध्यक्ष विधायक विकास चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला मुख्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। ज्योतिबा फुले सर्किल से कांग्रेसी हाथों में सिलेंडर के कटआउट ओर मोदी सरकार के खिलाफ़ नारे लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और घेराव कर बैरिकेड्स पर चढ़ गए। यहां हाथों में बैनर ओर तख्तियां लेकर बैरिकेड्स पर चढ़कर कांग्रेसियों ने खूब हल्ला मचाया। पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा ठेले पर गैस की टंकी रखकर चलाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने चूल्हा जलाकर पर पालक ओर मिर्च की सब्जी बनाई।
किशनगढ़ विधायक व ग्रामीण जिला अध्यक्ष डॉ विकास चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे देश में सिलेंडर को लेकर हालत बने है। सिलेंडर को लेकर लोगों को कतार में लगना पड़ रहा है। जम कर कालाबाजारी हो रही है। इसी को लेकर आज कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया है। नरेंद्र मोदी सरकार को जगाने का काम किया है। महिलाओं को रसोई गैस के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जनता की जेब में डाका डालने का काम मोदी सरकार ने किया है।
कई जगह लकड़ी और कोयले की भट्टियां लगाई जा रही हैं, जबकि कुछ व्यापारी डीजल की भट्टी लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
सरकार ने युद्ध के चलते इमरजेंसी में देशवासियों को परेशानी ना हो इसकी कोई तैयारी नहीं की जिसका खामियाजा आज देश की जनता भुगत रही है।
डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल आदि नेताओं ने बताया कि मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह से फेल साबित हो रही है ना वह किसी को खुश रख पा रहे हैं ना किसी को नाराज कर पा रहे हैं। ऐसे में असमंजस की स्थिति के बीच विदेशों से आयात होने वाला कच्चा माल देश में नहीं पहुंच पा रहा। मोदी अमेरिका की गुलामी करने में लगे हैं ऐसे देश चलने वाला नहीं है यह सरकार जाने वाली है। जनता को कोई राहत नहीं मिल रही महंगाई दिन पर दिन बढ़ रही है। गैस के दाम अचानक ₹60 प्रति सिलेंडर बढ़ा दिए गए जिससे उपभोक्ता की कमर टूट रही है। वहीं होटल व्यवसाईयों को व्यावसायिक सिलेंडर भी नहीं मिल पा रहे जिससे कारोबार बंद होने की कगार पर आ गया है। इस सरकार से हर खासो आम परेशान है। सरकार को इसका जवाब देना होगा। यदि जल्दी सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई और दाम नहीं घटाए गए तो कांग्रेस का आंदोलन और उग्र होता जाएगा।
वहीं कलेक्टर लोकबंधु ने कहा कि घरेलू गैस पर अभी कोई पाबंदी नहीं है। सरकार की ओर से सिर्फ़ कमर्शियल गैस पर पाबंदी लगाई गई है। पैनिक बुकिंग के कारण सर्वर पर प्रभाव पड़ा था, जिसके कारण सर्वर क्रैश हो गया था। अभी सब ठीक है। आम जनता से अपील है कि एक साथ बुकिंग न करें। वहीं, दूसरी तरफ कालाबाजारी करने वाले लोगों पर पुलिस की निगरानी जारी है। एसपी वंदिता राणा के निर्देश पर एजेंसियों के बाहर पुलिस सिविल में निगरानी कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved