Post Views 01
March 13, 2026
ब्रांडेड कंपनी के नकली ट्रेडमार्क लगाकर पैकिंग कर बाजार में माल बेचने वाले 2 युवकों को हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार,
नकली थैली और मशीन भी जप्त, सीओ शिवम जोशी ने किया मामले का खुलासा
अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना अंतर्गत पुलिस ने ट्रेड मार्क एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली मोनोग्राम लगाकर ब्रांडेड सामान बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने किराए के मकान में चल रही एक अवैध पैकिंग फैक्ट्री पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो नकली उत्पादों को ब्रांडेड कंपनियों के नाम से पैक कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरिभाऊ उपाध्याय नगर निवासी 42 वर्षीय दीपक धनवानी और रामगंज निवासी दिलीप बुधवानी को गिरफ्तार किया है, आरोपी दीपक धनवानी को रिमांड पर लिया गया है। मौके से पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें भी जब्त की गई हैं।
सीओ नॉर्थ शिवम जोशी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि एचयूएल और टाटा कंज्यूमर कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा थाने पर शिकायत देकर बताया गया कि कुछ लोग उनकी कंपनियों के नाम और पैकिंग का दुरुपयोग कर कम गुणवत्ता वाला सामान बाजार में बेच रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में किराए के मकान में चल रही फैक्ट्री पर दबिश दी।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक कच्चा माल और पैकिंग सामग्री कैसे पहुंच रही थी तथा बाजार में इनका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है। थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved