Post Views 01
March 11, 2026
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से प्रदेशभर में 14 से 19 मार्च तक विभिन्न जनकल्याणकारी, सांस्कृतिक और जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजस्थान दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन इस बार जालोर में किया जाएगा।
आयोजन की शुरुआत 14 मार्च से सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह के साथ होगी। इस दौरान जयपुर में राज्य स्तरीय तथा सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 15 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन होगा, जिसका फ्लैग ऑफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इसी दिन प्रदेश के सभी जिलों में भी ‘विकसित रन’ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही ‘राजस्थान को जाने’ डिजिटल क्विज की शुरुआत, जयपुर में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ तथा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उसी दिन शाम को दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में पांच दिवसीय राजस्थान दिवस समारोह का भी शुभारंभ होगा।
16 मार्च को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में ‘राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जाएगा, जिसमें विकास कार्यों का शिलान्यास, जनजातीय कला और हस्तशिल्प प्रदर्शनी तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद 17 मार्च को जयपुर में ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ के तहत राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा और जिलों में ‘राजस्थान को जानें’ क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम को उद्यमियों के साथ संवाद और निजी क्षेत्र में रोजगार पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved