Post Views 71
March 5, 2026
उदयपुर | शहर के तेल बाजार में हुई चोरी की बड़ी वारदात। बदमाशों ने एक किराना दुकान का शटर तोड़कर नकदी और कीमती सामान चुरा लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने तेल बाजार स्थित हीरालाल साहू की किराना दुकान को निशाना बनाया। रात के सन्नाटे में तीन चोर दुकान के बाहर पहुंचे और बड़ी चालाकी से शटर तोड़कर अंदर घुस गए।
डीएसपी राजेश यादव के अनुसार, चोरों ने दुकान के अंदर आराम से तलाशी ली और गल्ले में रखे करीब 70 हजार रुपए नकद निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने अलमारी में रखा सोने का ब्रेसलेट भी चुरा लिया। इतना ही नहीं, बदमाश दुकान में रखे कुछ जरूरी कागजात और दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीनों आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज में दिख रहा है कि पहले उन्होंने शटर तोड़ा और फिर अलग-अलग दिशा में जाकर दुकान की तलाशी ली। सुबह जब दुकानदार हीरालाल साहू दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला खाली था। इसके बाद उन्होंने तुरंत धानमंडी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved