Post Views 81
March 1, 2026
अनिल वनवानी / उदयपुर | कथित “उदयपुर फाइल्स” वीडियो कांड को लेकर सियासत गरमा गई है। नागौर सांसद और आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने दावा किया है कि इस सीडी में CMO के लोग, कैबिनेट मंत्री और पार्टी-संगठन के पदाधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 1–2 दिनों में वीडियो उनके पास आ जाएंगे और यह मामला “एपस्टीन फाइल्स से भी बड़ा” साबित हो सकता है।
बेनीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच “सेटिंग” हो रही है। उनके मुताबिक, सीडी देने वाला व्यक्ति अब कह रहा है कि उसने कांग्रेस नेताओं को सीडी देकर गलती की, क्योंकि “सौदेबाजी” की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उदयपुर के पूर्व नेता की साख को दरकिनार कर “खेल” खेला जा रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि उदयपुर के आईजी ने किसी फोन कॉल के बाद सीडी को नष्ट करने की कोशिश की। बेनीवाल ने संकेत दिया कि पुलिस के पास सभी फुटेज मौजूद हैं, लेकिन “सारी बातें अभी बताने में मजा नहीं आएगा।”
दूसरी ओर, बीजेपी का एक धड़ा बचाव की मुद्रा में नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से जयपुर तक कथित “बड़े भाईसाहब” के खिलाफ और पक्ष में लॉबिंग तेज हो गई है। इसमें दो कैबिनेट मंत्री, एक सांसद और एक राज्यसभा सांसद के शामिल होने की चर्चा है।
बीजेपी नेताओं का कहना है कि बिना ठोस सबूत के पार्टी को बदनाम किया जा रहा है। उनका दावा है कि पुलिस ने आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर लिया था और “संदिग्ध वीडियो” जैसी कोई ठोस सामग्री मौजूद नहीं है।फिलहाल, “उदयपुर फाइल्स” को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है और आने वाले दिनों में नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
आपको बता दें कि 11 फरवरी को भूपालपुरा थाने में बीजेपी महिला नेता ने एक वकील पर एआई के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने आधी रात के समय आरोपी को उसके घर से उठाया। घटना के दौरान कुछ लोगों ने हाथ में सरिया और अन्य औजार लेकर तोड़फोड़ की। आरोपी के परिवार ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से शिकायत की और पुलिस पर अत्याचार और घर में जबरन घुसने का आरोप लगाया। इस मामले पर उदयपुर और प्रदेश भर में बीजेपी नेताओं ने चुप्पी साध रखी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved