Post Views 71
March 1, 2026
उदयपुर | जिले के गोगुंदा क्षेत्र में भीषण हादसा। तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सवार लोग सड़क व गड्ढों में जा गिरे।
एमबी अस्पताल में भर्ती घायल हरूपा ने आज सुबह दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। यह भीषण हादसा कल शाम करीब 6.45 बजे गोगुंदा-झाड़ोल मार्ग पर मजावद के पास हुआ। डीएसपी गोपाल चंदेल के अनुसार, हादसे में लखमाराम, नेमीचंद और पंकज की मौके पर ही मौत हो गई थी। लखमाराम और नेमीचंद चचेरे भाई थे, जबकि पंकज उनका भतीजा था। तीनों मोडवा गांव के निवासी थे। आज सुबह इलाज के दौरान हरूपा (55) की भी मौत हो गई।
पिकअप में करीब 40 लोग सवार थे, जिनमें बच्चे और महिलाएं अधिक थीं। हादसे में 13 बच्चे, 9 महिलाएं और 8 युवक घायल हुए। करीब 11 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को पहले गोगुंदा अस्पताल और बाद में गंभीर घायलों को उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, मोडवा गांव के सभी लोग बगडुंदिया गांव शादी से पहले कपड़े लेने गए थे। पन्नालाल गमेती का परिवार एक साथ पिकअप में बैठकर लौटा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन काफी तेज गति से चल रहा था और आशंका जताई जा रही है कि चालक नशे में हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चारों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा। गांव में मातम पसरा हुआ है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved