Post Views 01
February 25, 2026
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने संभागीय आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने किया। मीणा ने आरोप लगाया कि जिले के 475 सरकारी स्कूलों में से 250 से अधिक जर्जर भवनों को तोड़ दिया गया, लेकिन अब तक नए भवनों का निर्माण शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों के बच्चे टीन शेड या खुले पेड़ों के नीचे पढ़ने को मजबूर हैं।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उदयपुर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। मीणा ने कहा कि सरकार विधानसभा में विकास कार्यों पर चर्चा से बच रही है और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत और वित्तपोषित परियोजनाओं का श्रेय ले रही है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल सिंह झाला ने कहा कि पिछले दो वर्षों से विकास कार्य पूरी तरह रुके हुए हैं, जिससे आमजन परेशान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते अपनी कार्यशैली नहीं सुधारी तो बड़े आंदोलन किए जाएंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, राजस्थान इंटक अध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved