Post Views 01
February 23, 2026
माननीय प्रधानमंत्री की प्रस्तावित अजमेर यात्रा, जिला कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक, जनसभा, सुरक्षा एवं समन्वय की व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
अजमेर, 23 फरवरी। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित अजमेर यात्रा एवं आमसभा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर श्री लोक बंधु ने सोमवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर समस्त व्यवस्थाओं का आकलन किया।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बैठक में जनसभा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सहभागियों के परिवहन, भोजन, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा एवं समन्वय संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही अन्य जिलों से आने वाले जनभागियों के लिए भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को निर्देशित किया। समस्त अधिकारी सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूर्ण करें। विभिन्न कार्यों को संपादित करते समय अधिकारी आपसी समन्वय रखेंगे।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जनसभा में 2 लाख से अधिक जनभागियों की सहभागिता प्रस्तावित है। इसमें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। समस्त व्यवस्थाओं के समग्र प्रभारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बनाया गया है। प्रत्येक ब्लॉक से ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों के लिए पर्याप्त एवं समुचित व्यवस्था की जाए। बसों में अनिवार्य रूप से आवश्यक मेडिकल किट उपलब्ध कराए। प्रत्येक बस में कर्मचारियों की नियुक्ति कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात प्रत्येक बस प्रभारी यह सुनिश्चित करेगा कि उसके साथ आए सभी यात्री सुरक्षित रूप से वापस अपने गंतव्य तक पहुंचें। इसके लिए सभी यात्रियों की सूची एवं संपर्क नंबर संधारित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि बसों के रूट्स पूर्व निर्धारित कर लिए जाएं तथा पार्किंग का समुचित अलॉटमेंट सुनिश्चित किया जाए। सभा स्थल से पार्किंग तक एवं वापसी के दौरान व्यवस्थित ड्रॉप की व्यवस्था रहे। समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसमें पीएम किसान सहित अन्य योजनाओं के डीबीटी के माध्यम से लाभान्वित हितग्राही, राजीविका महिला समूहों की सदस्याएं एवं महिला सहभागिता विशेष रूप से शामिल रहे।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व एवं कार्यक्रम की समाप्ति तक समस्त विभाग विशेष सतर्कता रखें तथा इस अवधि में कार्मिकों को अवकाश की अनुमति नहीं दी जाए। प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी अपने साथ आए जनसमूह की पूर्ण जिम्मेदारी निभाएं और कार्यक्रम समाप्ति तक समन्वित रूप से कार्य करें।
जिला कलक्टर ने माननीय प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदिता राणा ने पुलिस अधिकारियों को प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष क्षेत्रों में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग, होटल-ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों की जांच, पूर्व अपराधियों पर निगरानी तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए ।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती नित्या के., उपखण्ड अधिकारी श्री रजत यादव, श्रीमती गरिमा नरूला, डॉ. नेहा राजपूत, प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. अजेय सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी, श्रीमती वंदना खोरवाल एवं श्री नरेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved