Post Views 51
February 18, 2026
उदयपुर | संभाग के डूंगरपुर जिले में एक सरकारी स्कूल परिसर में युवक-युवती के शव फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गैंजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की नई बन रही बिल्डिंग की है। आज सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों शव क्लासरूम के बाहर छत से निकले लोहे के सरियों से लटके मिले। मृतक युवक की पहचान मनोज (22) पुत्र सुरेश खराड़ी, निवासी पाकरोन के रूप में हुई है। युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, मनोज शादीशुदा था और 1 फरवरी को पत्नी से झगड़ा कर घर से निकल गया था। 17 फरवरी को उसकी पत्नी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल गुर्जर के मुताबिक, शव स्कूल की पिछली तरफ निर्माणाधीन हिस्से में मिले। मामले की जांच जारी है। स्कूल प्रिंसिपल जशोदा कलासुआ ने बताया कि सुबह स्कूल बंद था, इसलिए घटना की जानकारी स्टाफ को बाद में मिली।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved