Post Views 01
February 17, 2026
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। वे अजमेर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और राज्य में 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। चर्चा है कि इस अवसर पर जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मेट्रो फेज-2 प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखी जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार मेट्रो फेज-2 परियोजना टोंक रोड स्थित रिंग रोड के प्रहलादपुरा से शुरू होकर सीकर रोड के टोरडी मोड़ तक प्रस्तावित है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सात चरणों में विकसित करने की योजना है। पहले चरण में प्रहलादपुरा से पिंजारापोल गोशाला तक का खंड बनाया जाएगा, जिसमें 10 एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित हैं। यह चरण यातायात दबाव कम करने और शहर के दक्षिणी हिस्से को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के सूत्रों के मुताबिक मेट्रो फेज-2 के पहले पैकेज का टेंडर पिछले वर्ष जारी किया गया था और अब वह अंतिम चरण में है। संभावना है कि अगले सप्ताह तक कंपनी का चयन कर कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। इस पैकेज की अनुमानित लागत 1145.14 करोड़ रुपए है। लगभग 11.4 किलोमीटर लंबे इस खंड को पूरा करने के लिए 34 माह की समयसीमा तय की गई है।
दूसरे चरण में मेट्रो को सांगानेर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। पिंजारापोल गोशाला से सांगानेर एयरपोर्ट होते हुए बीटू बाइपास तक यह खंड अंडरग्राउंड बनाया जाना प्रस्तावित है। एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को प्रदेश के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण राज्य के विकास को गति देने वाला कदम माना जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved