Post Views 101
February 17, 2026
उदयपुर | झीलों की नगरी उदयपुर में एक हाई-प्रोफाइल शादी समारोह के दौरान हुई चोरी ने शहर में चर्चा छेड़ दी है। शहर के प्रतिष्ठित होटल द ललित में आयोजित शादी समारोह के बीच विख्यात चिकित्सक के परिवार से लाखों रुपए के सोने के कंगन रहस्यमय तरीके से गायब हो गए।
मामला आरएनटी मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. लाखन पोसवाल की पत्नी, जानी-मानी गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. पूनम पोसवाल से जुड़ा है। डॉ. पूनम शहर के जनाना अस्पताल में सेवाएं दे रही हैं और चिकित्सा जगत में उनका खासा नाम है।
जानकारी के अनुसार 3 फरवरी को फतहसागर झील स्थित होटल द ललित में मेहंदी का कार्यक्रम था, जबकि 5 फरवरी को विवाह समारोह आयोजित होना था। मेहंदी लगवाने से पहले डॉ. पूनम पोसवाल ने अपने हाथों से करीब 3 तोला वजन के दो सोने के कंगन उतारकर अपनी बेटी को सौंप दिए। बताया जा रहा है कि जब बेटी की मेहंदी की बारी आई तो उसने कंगन अपने पास सुरक्षित रख लिए। इसी दौरान कवर्ड लॉन एरिया में आयोजित कार्यक्रम के बीच कंगन गायब हो गए। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर मेहंदी कार्यक्रम चल रहा था, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे।
डॉ. लाखन पोसवाल ने बताया कि डेढ़-डेढ़ तोले के दो सोने के कंगन थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.70 लाख रुपए है। परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की और होटल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कल हाथीपोल थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस अब होटल परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए जांच में जुटी है। शहर के नामी होटल में, एक प्रतिष्ठित डॉक्टर के परिवार के साथ हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर शादी जैसे निजी समारोह के बीच लाखों के कंगन कैसे गायब हो गए? पुलिस जांच के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved