Post Views 21
February 16, 2026
उदयपुर | शराब की दुकान के कलेक्शन के 3.65 लाख रुपए चोरी होने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि वारदात को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि दुकान में काम करने वाले ही एक सेल्समैन ने अंजाम दिया था। उदयपुर की हिरण मगरी थाना पुलिस ने आरोपी शिवम शाह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पूरी रकम 3.65 लाख रुपए बरामद कर ली है।
मामले की रिपोर्ट सेल्समैन मदनलाल चौधरी ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी की रात करीब 10:15 बजे वे शराब बिक्री का कलेक्शन लेकर स्कूटी से ठेके पर जा रहे थे। कृषि मंडी के सामने स्कूटी खड़ी कर वे काम से अंदर गए और लौटे तो डिक्की में रखे रुपए गायब मिले।
शुरुआत में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, लेकिन पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले तो सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में मदनलाल के साथ मौजूद दूसरा सेल्समैन ही डिक्की से रुपए निकालते दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवम शाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल उदयपुर में रह रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved