Post Views 31
February 16, 2026
उदयपुर | सोशल मीडिया पर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद उस समय तूल पकड़ गया जब उदयपुर में भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली को कथित रूप से खुली धमकी देने के आरोप में कांग्रेस के पूर्व पार्षद गौरव प्रताप सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मामला तब भड़का जब गौरव प्रताप सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से दो कथित भड़काऊ पोस्ट साझा किए। पोस्ट में उन्होंने पुष्कर तेली को सुखेर थाने के बाहर आने की चुनौती दी और “गलतफहमी दूर करने” जैसी भाषा का प्रयोग किया। चर्चा यह भी रही कि फोन पर भी अभद्र बातचीत हुई।
पोस्ट वायरल होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और शिकायत पुलिस तक पहुंची। भाजपा कार्यकर्ता यशवंत पुरोहित ने भी जवाबी पोस्ट कर चुनौती का जवाब दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोपहर करीब 2-3 बजे गौरव प्रताप सिंह को हिरासत में लेकर गोवर्धन विलास थाना पहुंचाया। वहां उनसे विवादित पोस्ट डिलीट करवाई गई और शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही थाने के बाहर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, अभिमन्यु सिंह झाला और अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
शाम तक माहौल गरमाता देख दोनों पक्षों के वरिष्ठ नेताओं के बीच बातचीत शुरू हुई। काफी मान-मनुहार के बाद इस बात पर सहमति बनी कि भविष्य में सोशल मीडिया पर अमर्यादित या धमकी भरी भाषा का प्रयोग नहीं किया जाएगा। समझौते के बाद पुलिस ने गौरव प्रताप सिंह को शांतिभंग में पाबंद कर देर रात रिहा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुष्कर तेली ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता लालसिंह झाला का जिक्र किया था। इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हुई। गौरव प्रताप सिंह, झाला को अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं, जिससे मामला और तूल पकड़ गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved