Post Views 01
February 11, 2026
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड,सैकण्डरी व सीनियर सैकण्डरी की परीक्षाएं कल से, 19.90 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत
बोर्ड में सीसीटीवी से रखी जा रही नजर,कंट्रोल रूप 24 घंटे जारी, दो फोन नम्बर और जोड़े
प्रशासक व सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे, जिलों में अभय कमांड सेन्टर से भी होगी निगरानी
अजमेर, 11 फरवरी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सैकण्डरी व सीनियर सैकण्डरी परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ एवं सचिव श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। परीक्षा में 19 लाख 90 हजार 57 परीक्षार्थी पंजीकृत है। प्रदेश के 6194 केन्द्रों पर परीक्षा होगी।
बोर्ड सचिव श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि इस वर्ष सैकेण्डरी परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109, सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा में 9 लाख 10 हजार 9, प्रवेशिका में 7 हजार 817 तथा वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4 हजार 122 विद्यार्थी पंजीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। नकल रहित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, उड़नदस्तों की तैनाती एवं विशेष दलों की नियुक्ति की गई है। इस साल जिलों में अभय कमांड सेन्टर से भी परीक्षाओं की मॉनिटरिंग की जाएगी।
उन्होंने बुधवार शाम बोर्ड कार्यालय में कंट्रोल रूम व सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। यहां पर्याप्त संख्या में कार्मिक तैनात किए गए हैं।
बोर्ड सचिव ने परीक्षार्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन के लिए शिक्षक, केंद्राध्यक्ष एवं प्रशासनिक अधिकारी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
कन्ट्रोल रूम हुआ 24 घंटे जारी
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम व्यवस्था बोर्ड परीक्षा के संचालन के लिए बोर्ड कार्यालय में 24 घण्टे कार्यरत रहेगा। परीक्षा संबंधी किसी भी शिकायत के लिए नीचे दिए गए दूरभाष नम्बरों पर सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते है। शिकायतकर्ता अपना नाम, पता, टेलिफोन अथवा मोबाईल नम्बर अवश्य नोट करावें। कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायत का क्रमांक अवश्य प्राप्त करें ताकि इसी शिकायत क्रमांक से समाधान की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। परीक्षार्थियों के नामांक, केन्द्र संबंधी जानकारी बोर्ड वेबसाईट पर उपलब्ध है। बोर्ड कन्ट्रोल रूम फोन नम्बर 0145-2632866, 2632867, 2632668, 4083549, 4083550 पर सम्पर्क किया जा सकता है। ईमेल आईडी [email protected] पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved