Post Views 11
February 7, 2026
पुष्कर में सनातन एकता का संगम, आरएसएस शताब्दी वर्ष पर विराट हिंदू सम्मेलन, कलश यात्राओं की गूंज के साथ पुष्कर में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन
पुष्कर में आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को सकल हिंदू समाज की ओर से हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी सेवा सदन में धर्मसभा आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।
आरएसएस पुष्कर खंड के संघ चालक राम निवास वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया। शोभा कलश यात्रा पुष्कर के विभिन्न प्रमुख स्थलों ब्रह्मा मंदिर, अंबेडकर भवन, सूर्य धर्मशाला, गायत्री शक्ति पीठ एवं वराह घाट से एक साथ प्रारंभ हुई। सभी स्थानों से निकली कलश यात्राएं गाजे-बाजे के साथ मुख्य मार्गों से गुजरती हुई आयोजन स्थल माहेश्वरी सेवा सदन पहुंचीं।
कलश यात्रा से पूर्व ब्राह्मण बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और मंगलाचरण किया गया, जिससे पूरे वातावरण में धार्मिक और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। धर्मसभा में वक्ताओं ने सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय चेतना पर अपने विचार रखे तथा समाज को संगठित रहकर भारतीय परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला मंडलों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। सम्मेलन के माध्यम से आरएसएस के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर जोर दिया गया। आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान रामसखा आश्रम पीठाधीश्वर नंद शरण देवाचार्य, नंदकिशोर पाराशर, नंदू लाल पवार, पूर्व सभापति कमल पाठक, पूर्व पालिका अध्यक्ष सूरज नारायण पाराशर, श्याम सुंदर सेन, जय कुमार पाराशर, विष्णु शर्मा, नेहरू पंडित, सहित अनेक स्वयंसेवक मौजूद रहे ।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved