Post Views 01
February 7, 2026
पुष्कर में शादी समारोह के दौरान कार का शीशा तोड़कर चोरी, 55 हजार नकद व जेवरात ले उड़े चोर
पुष्कर के गौतम आश्रम में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान चोरों ने कार का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कार में रखा बैग चुरा लिया गया, जिसमें 55 हजार रुपये नकद, चांदी की पाजेब और एक मोबाइल फोन था। घटना के बाद पीड़ित ने पुष्कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरौनी (टोंक) निवासी योगेश गौतम ने पुलिस को बताया कि वे 4 फरवरी की रात अपने साले की शादी में शामिल होने पुष्कर आए थे। उन्होंने अपनी कार गौतम आश्रम के बाहर पार्किंग में खड़ी की थी। कुछ समय बाद उनकी पत्नी ने बताया कि उसका बैग कार में ही रह गया है। जब योगेश बैग लेने कार के पास पहुंचे तो देखा कि कार का एक शीशा टूटा हुआ है और अंदर रखा बैग गायब था।
बैग में नकदी के साथ चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन रखा हुआ था। खास बात यह है कि यह पूरी घटना गौतम आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दो युवक कार के पास आते हैं, शीशा तोड़ते हैं और नगदी व जेवरात से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो जाते हैं।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि पुष्कर में लंबे समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक ओर सरकार डेस्टिनेशन वेडिंग के नाम पर पुष्कर को विकसित करने का प्रयास कर रही है, वहीं शादी समारोहों के दौरान हो रही ऐसी वारदातें सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। इससे पहले बूढ़ा पुष्कर रोड पर एक शादी समारोह के दौरान 43 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना भी सामने आ चुकी है, जिसका आज तक खुलासा नहीं हो पाया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved