Post Views 51
February 7, 2026
उदयपुर | वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल के पहले दिन कल रात संगीत का ऐसा रंग जमा कि हर उम्र के लोग झूमते नजर आए। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कैलाश खेर ने अपनी दमदार आवाज और शानदार परफोर्मेंस से युवाओं को पूरी तरह बांध लिया। उदयपुर का गांधी ग्राउंड युवाओं से खचाखच भरा रहा और हर कोई उनके गीतों पर थिरकता नजर आया।
कैलाश खेर ने मंच पर आते ही माहौल बना दिया। उन्होंने ‘पीया घर आवेंगे’, ‘तेरी दीवानी’, ‘अल्ला के बंदे’, ‘सैयां-सैयां’, ‘चक लेंण दे’, ‘जय-जयकारा’ और ‘बम बम लहरी’ जैसे सुपरहिट गानों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर गाने पर तालियों और सीटियों की गूंज सुनाई दी।
कैलाश खेर रात करीब 8.45 बजे मंच पर पहुंचे और लगातार दो घंटे तक शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान कार्यक्रम में मेवाड़ पूर्व राजपरिवार की सदस्य निवृत्ति कुमारी मेवाड़ और संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी भी मौजूद रहीं। तीन दिवसीय वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल का यह 10वां सीजन है, जिसे लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
फेस्टिवल के दूसरे दिन आज टर्किश पॉप, केमरून का अफ्रोपॉप रॉक और बॉलीवुड सिंगर जोनीता गांधी अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं 8 फरवरी को स्पेनिश जैज़ एंड पॉप के साथ बॉलीवुड सिंगर अमित त्रिवेदी मंच पर धमाल मचाएंगे। इससे पहले शनिवार दोपहर 3.30 बजे से फतहसागर पाल पर पोलैंड का पोलिश फोक, तुर्की का ट्रेडिशनल कुर्दिश म्यूजिक और इंडियन रॉक की प्रस्तुतियां होंगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved